नई दिल्ली। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और जिम्मेदारी का विषय है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की गाइडबुक की तरह देखने की कोशिश की गई और नागरिकों, विशेषकर किशोरों और युवाओं के बीच इसकी भावना को मजबूत करने की प्रक्रिया को भुला दिया गया।

अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में निर्णय लिया गया कि हर साल 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को स्कूलों, कॉलेजों और देश के सभी नागरिकों तक पहुंचाना है।

अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सत्ता किसे मिलेगी, यह तय करने का अधिकार जनता के पास है। संविधान निर्माताओं ने व्यवस्था की थी कि सत्ता जनता के माध्यम से प्राप्त होगी और जनता के प्रति जवाबदेह रहेगी। उन्होंने जनता को यह अधिकार दिया कि वह तय करे कि सत्ता किसे सौंपी जाए। वहीं, सत्ता में आने वालों के लिए यह व्यवस्था की गई कि शासन संविधान के दायरे में रहकर ही चलाया जाए। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना का प्रत्येक शब्द एक महान भारत के निर्माण के उद्देश्य से शामिल किया गया है।

संविधान की मूल प्रति में बने चित्रों को देखने की अपील

अमित शाह ने कहा कि जो लोग संविधान का विरोध करते हैं, उन्हें अपने जीवन के 10 से 15 मिनट निकालकर संविधान की मूल प्रति देखनी चाहिए। उन्होंने बताया कि संविधान की मूल प्रति के विभिन्न अध्यायों की शुरुआत में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, दशम पिता गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े चित्र बनाए गए हैं।

उन्होंने संविधान की प्रति लेकर घूमने वालों से संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान के मूल स्वरूप और नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए चित्रों को देखने तथा इसकी मूल भावना को समझने की अपील की।

यूसीसी को नीति-निर्देशक सिद्धांतों में शामिल करने का जिक्र

गृह मंत्री ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को नीति-निर्देशक सिद्धांतों में शामिल किया था। उनका कहना था कि देश के प्रत्येक नागरिक को, चाहे उसका धर्म हिंदू, सिख, मुस्लिम, ईसाई या पारसी हो, समान कानून के तहत जीने का अधिकार मिलना चाहिए। कानून धर्म के आधार पर नहीं बनाया जाना चाहिए।

बस्तर का उदाहरण देकर नक्सलवाद के नुकसान बताए

अमित शाह ने बस्तर का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक 80 वर्षीय बुजुर्ग को देखकर उन्हें नक्सलवाद से हुए नुकसान का एहसास होता है। उन्होंने बताया कि ऐसे बुजुर्गों के पास राशन कार्ड नहीं है, उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है और घर में बिजली तथा पीने के पानी की सुविधा भी नहीं है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ नक्सलवाद को खत्म करने का काम किया और उन सभी 21 करोड़ लोगों को उनके संवैधानिक रूप से गारंटीकृत अधिकार देने का काम किया। वहीं, संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लेख लिखकर विपक्ष को नसीहत दी और युवाओं को भी संदेश दिया।