MP Latest News: भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल और प्रेस पर बंदिशों के बावजूद भारत का लोकतंत्र लगातार सशक्त बना हुआ है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को शक्ति दी है। आज गरीब से गरीब परिवार का व्यक्ति भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के माध्यम से सत्ता के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। भारत में संविधान के पवित्र मूल्यों के कारण लोकतंत्र अमर है और यही हमें लोकतांत्रिक मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संविधान गौरव दिवस के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। संगोष्ठी से पहले मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
संविधान को पूरा महत्व और सम्मान दिया जा रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शाहबानो प्रकरण से लेकर कश्मीर में धारा 370 की समाप्ति तक की घटनाओं पर नजर डालें तो कुछ व्यक्तियों और दलों ने अपनी दूषित मानसिकता के कारण संविधान को आहत किया है। आज देश में संविधान को पूरा महत्व और सम्मान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने की परंपरा प्रारंभ की। यह दिवस संविधान के लगभग आठ दशक के सफर की समीक्षा करने का अवसर है।
भारत दुनिया का सबसे बड़ा सशक्त लोकतांत्रिक देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा सशक्त लोकतांत्रिक देश है। दुनिया भारत की लोकतांत्रिक विशेषताओं को देखकर हैरान है। कई देशों में हिंसा और हथियारों के बल पर सत्ता परिवर्तन हुए, लेकिन भारत में संविधान के कारण लोकतंत्र मजबूत बना हुआ है। देश में हर पांच साल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव होते हैं और नागरिकों को अपना प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलता है।
संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की विभूतियों का योगदान
डॉ. यादव ने कहा कि देश को लंबे संघर्ष के बाद आजादी मिली। किसी भी सरकार के कार्य करने का आधार क्या होना चाहिए, इसका उल्लेख संविधान में किया गया है। संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की विभूतियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वतंत्रता के बाद देश का नाम इंडिया हो या भारत, इस विषय पर निर्णय लेने के लिए मध्य क्षेत्र को मध्य भारत प्रांत की मान्यता दी गई थी। यहीं से देश का नाम भारत करने के निर्णय को बल मिला।
राजकुमारी अमृत कौर ने किया था समान कानून का समर्थन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकुमारी अमृत कौर ने देश में पहली बार सभी नागरिकों के लिए समान कानून का समर्थन किया था। संविधान में भी समानता की बात कही गई है। एक प्रकार से यह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का समर्थन था। उन्होंने कहा कि विक्रम संवत को मान्यता देने के बजाय राष्ट्रीय पंचांग के रूप में शक संवत लागू किया गया, जबकि इसकी तिथियां और महीने विक्रम संवत की तरह ही हैं। तत्कालीन सरकारों ने सम्राट विक्रमादित्य द्वारा दिए गए विक्रम संवत को आगे नहीं बढ़ाया।
क्रांतिकारियों के बलिदान से मिली लोकतंत्र की मजबूती
डॉ. यादव ने कहा कि देश की आजादी, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक वीर क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। एक हजार वर्ष पूर्व पृथ्वीराज चौहान से शुरू हुआ बलिदान का क्रम लगातार आगे बढ़ा। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की बदौलत ही आज देश में गरीब से गरीब परिवार का व्यक्ति भी सत्ता के सर्वोच्च स्थान तक पहुंच सकता है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को यह शक्ति प्रदान की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि वे लगातार तीसरी बार सरकार चला रहे हैं और सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने वाले नेताओं में शामिल हैं।
