MP Khandwa News: खंडवा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को खंडवा जिले के ओंकारेश्वर पहुंचे, जहां वे दादा गुरु की नर्मदा परिक्रमा यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोमुख घाट पर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की। उनके साथ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और विश्वास सारंग भी मौजूद रहे।
दादा गुरु की पांचवीं नर्मदा परिक्रमा की ओर बढ़ते कदम विशेष: CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दादा गुरु की नर्मदा परिक्रमा यात्रा को विशेष बताते हुए कहा कि एक बार नर्मदा परिक्रमा करना ही कठिन होता है, लेकिन दादा गुरु पांचवीं यात्रा की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने इसे पंच परमेश्वर का पूरा स्वरूप बताया।
यात्रा और यात्रियों के लिए सरकार कर रही व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि दादा गुरु के लोक कल्याण के कार्यों में उनका आशीर्वाद सदैव बना रहे। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से भी नर्मदा परिक्रमा यात्रा और यात्रियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। गोमुख घाट पर पूजन-अर्चन के बाद यात्रा शुरू हुई।
