MP Sidhi News: सीधी: मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग में भ्रष्टाचार का ताजा मामला सामने आया है। सीधी में विभाग के एक बाबू और ठेकेदार का रिश्वत लेते हुए वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि 31 अक्टूबर को नल-जल योजना के काम के सिलसिले में एक लाख रुपये की रिश्वत का लेनदेन हुआ। यह पूरी घटना विभागीय कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

बाबू और ठेकेदार का रिश्वत लेते वीडियो आया सामने

मामले में विभाग के सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी सुशील सिंह परिहार और ठेकेदार अरुण कुमार मिश्रा के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि ठेकेदार अरुण कुमार मिश्रा सीधी जिले में नल-जल योजना के तहत काम कर रहे हैं। आरोप है कि फर्जी तरीके से भुगतान कराने और निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों में रिश्वत का लेनदेन किया जा रहा था।

घटिया निर्माण और फर्जी भुगतान को लेकर आरोप

नल-जल योजना के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। अब रिश्वत के कथित लेनदेन का वीडियो सामने आने के बाद योजना के कामकाज और भुगतान प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मामले में विभागीय जांच या आधिकारिक कार्रवाई को लेकर जानकारी सामने आना बाकी है।