लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उनके बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए बताया कि उनसे जीवन में सबसे बड़ा सबक जरूरतमंदों की मदद करना और रिश्तों को महत्व देना सीखा है। इस दौरान अखिलेश ने समाजवादी सिद्धांतों पर चलते हुए लोगों की सेवा करने का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में यश भारती सम्मान दोबारा शुरू करने का ऐलान भी किया।
अखिलेश बोले- पिता से सीखा बुरे वक्त में लोगों का साथ देना
अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर मुलायम सिंह यादव को जयंती पर नमन किया। उन्होंने लिखा कि नेताजी के समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों को जीवन के हर क्षेत्र में अपनाने का संकल्प दोहराते हैं।
अखिलेश ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से सबसे सरल सबक यह सीखा कि किसी के बुरे वक्त में उसका साथ देना चाहिए। अगर कोई मदद की उम्मीद लेकर आए तो यथासंभव उसकी सहायता करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति के किसी वजह या दबाव में खिलाफ हो जाने का मतलब यह नहीं कि वह हमेशा बुरा है। यदि कोई सच्चे मन से और निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने की पहल करे तो उसका हाथ थामने में पीछे नहीं हटना चाहिए।
सपा सरकार बनने पर फिर शुरू होगा यश भारती सम्मान
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान दोबारा शुरू किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि इस सम्मान के साथ मिलने वाली राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये की जाएगी। अखिलेश ने कहा कि यश भारती सम्मान के जरिए उत्तर प्रदेश की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया है।
डॉक्टरों के लिए एक सैलरी और मेडिकल छात्रों के लिए वन बॉन्ड का ऐलान
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर डॉक्टरों के लिए एक सैलरी की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने मेडिकल छात्रों को भरोसा दिलाते हुए वन बॉन्ड और वन सैलरी उपलब्ध कराने की बात भी कही। इसके साथ ही उन्होंने वन नेशन, वन इलेक्शन के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक वोटर लिस्ट बनाने में भी सरकार सफल नहीं हो पा रही है।
नेताजी ने हमेशा प्रतिभाओं को सम्मान और प्रोत्साहन दिया
अखिलेश ने कहा कि मुलायम सिंह यादव लगातार लोगों को जोड़ने और समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने का काम करते रहे। वे समाजवादी विचारधारा और सभी को साथ लेकर चलने का सिद्धांत देकर गए हैं। अखिलेश के मुताबिक, नेताजी किसी भी क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले व्यक्ति को सम्मानित और प्रोत्साहित करते थे। इसी सोच के तहत यश भारती सम्मान की शुरुआत की गई थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिंपल और बेटी अदिति भी रहीं मौजूद
मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव और बेटी अदिति यादव भी मौजूद रहीं। इस दौरान अखिलेश ने अपने पिता के विचारों और उनके द्वारा स्थापित समाजवादी मूल्यों को आगे बढ़ाने की बात दोहराई।
आज श्रद्धेय नेताजी की जयंती पर उनको कोटि-कोटि नमन करते हुए हम उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय -व्यावहारिक मूल्यों को और भी अधिक दृढ़ता के साथ आत्मसात् और जीवन के हर क्षेत्र में सक्रिय करने का संकल्प दोहराते हैं।
श्रद्धेय नेताजी से हमने जो सबसे सरल सबक सीखा वो था : ’किसी के बुरे वक़्त में साथ देना, और कोई भी हो अगर वो ‘मदद’ की उम्मीद लेकर आये तो यथासंभव सहायता करना। साथ ही एक अच्छी बात ये भी सीखी कि हो सकता है कोई किसी वजह या दबाव से आपके ख़िलाफ़ हो गया हो लेकिन हर कोई हमेशा बुरा या ख़राब नहीं होता है, इसीलिए जब कभी कोई सच्चे मन से, निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने के लिए क़दम बढ़ाए तो हाथ आगे बढ़ाने में पीछे मत हटना।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 22, 2026
