MP Sheopur News: श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में धान बेचकर घर लौट रहे किसान की हत्या और लूट की वारदात के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मानपुर थाना क्षेत्र के भोगीका चौराहे पर एम्बुलेंस खड़ी कर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शन में भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय नेता भी शामिल हो गए हैं।
धान बेचकर लौट रहे किसान से 2.16 लाख रुपये लूटे
जानकारी के मुताबिक, मृतक किसान की पहचान ग्राम जैनी निवासी बनवारी मेरोठा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बनवारी श्योपुर मंडी में धान की फसल बेचकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी और उनके पास रखे 2 लाख 16 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद से ही क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब किसान का शव एम्बुलेंस से मानपुर थाना क्षेत्र के भोगीका चौराहे पर पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एम्बुलेंस को हाईवे के बीच खड़ा कर रास्ता रोक दिया और धरने पर बैठ गए। चक्काजाम के चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
भाजपा और कांग्रेस के नेता भी प्रदर्शन में शामिल
किसान की हत्या और लूट के विरोध में चल रहे प्रदर्शन को राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिला है। भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय नेता धरने में शामिल होकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस हत्या का प्रकरण दर्ज कर वारदात में शामिल बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करे।
मौके पर पहुंचे एसपी, ग्रामीणों को समझाने की कोशिश
चक्काजाम और तनावपूर्ण स्थिति की सूचना मिलते ही श्योपुर पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी आक्रोशित परिजनों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे हैं। अधिकारियों की ओर से लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
