दक्षिणी नाइजीरिया। दक्षिणी नाइजीरिया के बायेल्सा राज्य में शुक्रवार को एक बड़ा नाव हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक समुदाय से दूसरे समुदाय जा रही यात्रियों से भरी नाव रास्ते में पलटकर डूब गई। इस दुर्घटना में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे यात्री
नाइजीरिया की नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी के प्रवक्ता मंजो एजेकी ने बताया कि नाव शुक्रवार को यात्रियों को एक समुदाय से दूसरे समुदाय में अंतिम संस्कार के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में नाव डूब गई। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि हादसे के समय नाव में कुल कितने लोग सवार थे और कितने लोग लापता हैं।
24 यात्रियों को बचाया गया
पुलिस प्रवक्ता मूसा मोहम्मद के मुताबिक, हादसे के बाद 24 लोगों को रेस्क्यू किया गया। उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है। वहीं, लापता यात्रियों की तलाश के लिए अभियान जारी है।
नाव में तकनीकी खराबी की आशंका
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में नाव में तकनीकी खराबी आने की बात सामने आई है। यात्रियों ने नाव चलाने वाले से नाव को किनारे की ओर ले जाने के लिए कहा था, लेकिन उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि हादसे के बाद नाव चलाने वाला मौके से फरार हो गया, जबकि नाव के मैनेजर को पकड़ लिया गया है।
राज्य सरकार ने सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की
हादसे के बाद बायेल्सा राज्य सरकार ने नाव संचालकों और यात्रियों से सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। राज्य की सूचना आयुक्त एबियुवो कोकू-ओबियाई ने कहा कि तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग, लापरवाही और बिना लाइफ जैकेट के यात्रा करने जैसी घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी यात्रा किसी की जान से ज्यादा कीमती नहीं है।
नाइजीरिया में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
नाइजीरिया में नावों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों का सख्ती से पालन नहीं होने के कारण इस तरह के हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं। कई बार नावों में पर्याप्त लाइफ जैकेट तक उपलब्ध नहीं होते। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
