Bhopal Crime News: भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मां और दोनों बच्चों की मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, 37 वर्षीय रुखसाना अरवलिया अपने पति फहीम और दो बच्चों के साथ रहती थी। फहीम धार्मिक शिक्षा देने के साथ ही एक मैकेनिक की दुकान पर भी बैठते हैं। उनकी 12 वर्षीय बेटी छठी कक्षा और 8 वर्षीय बेटा दूसरी कक्षा में पढ़ता था।

देवरानी को आटा देने से इनकार करने पर हुआ था विवाद

फहीम ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर उनके छोटे भाई की पत्नी ने रुखसाना से आटा मांगा था। घर में आटा कम होने की बात कहते हुए रुखसाना ने उसे आटा देने से मना कर दिया। इस बात की जानकारी मिलने पर फहीम ने अपनी पत्नी को सख्त लहजे में समझाया था। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर रुखसाना नाराज थी।

शनिवार को मां ने दोनों बच्चों के साथ खाया जहरीला पदार्थ

फहीम के मुताबिक, शनिवार दोपहर वह अपनी दुकान पर था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि रुखसाना ने गेहूं में रखने वाली सल्फास की गोली पानी में मिलाकर दोनों बच्चों को पिला दी और खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया। जानकारी मिलते ही परिजन तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर फहीम भी हमीदिया अस्पताल पहुंचा।

इलाज के दौरान मां और दोनों बच्चों ने तोड़ा दम

अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार देर रात रुखसाना की मौत हो गई। वहीं रविवार तड़के उसकी 12 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही मामले की जांच

एसपी पंकज पांडे के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में देवरानी से विवाद और इसके बाद पति द्वारा समझाइश दिए जाने से महिला के नाराज होने की बात सामने आई है। मृतका के पिता हलीम खान ने भी देवरानी से हुए विवाद को घटना की वजह बताया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।