MP Balaghat News: बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। किरनापुर थाना क्षेत्र के हिर्री गांव में शनिवार शाम मड़ई (मेले) में चाउमीन और मंचूरियन खाने के बाद 108 लोग बीमार हो गए। सभी को पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद 45 बच्चों और 12 वयस्कों को बालाघाट जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की स्थिति अब सामान्य है। सभी मरीज खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
कलेक्टर और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
घटना की जानकारी मिलते ही रविवार सुबह कलेक्टर आदित्य सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वार्ड में भर्ती बीमार बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेले में लगे संबंधित फूड स्टॉल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, कलेक्टर के बाद एसपी माली जैन भी अस्पताल पहुंचे और भर्ती बच्चों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया।
चाउमीन के बाद आइसक्रीम भी खाई, रात में होने लगी उल्टियां
अस्पताल में भर्ती बच्ची कनक पाचे ने बताया कि उसने शनिवार शाम करीब 7 बजे मेले में चाउमीन खाई थी। इसके बाद आइसक्रीम भी खाई। रात में घर लौटने के बाद उसके पेट में दर्द होने लगा और उल्टियां शुरू हो गईं। इसके बाद पिता उसे लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां काफी भीड़ थी। वहां कई लोगों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत थी।
किरनापुर अस्पताल से बालाघाट जिला अस्पताल किया रेफर
बच्ची के मुताबिक, डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाने के बाद उसे बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे किरनापुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां भी बड़ी संख्या में बीमार लोग मौजूद थे। इसके बाद उसे बालाघाट जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बच्ची ने बताया कि जिला अस्पताल में उसे ड्रिप लगाई गई है और अब उसकी तबीयत पहले से बेहतर है।
फूड स्टॉल की जांच और कार्रवाई के निर्देश
घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर ने मेले में लगे संबंधित फूड स्टॉल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज जारी है और स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
