MP Gwalior News; ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर के जनकगंज इलाके में शनिवार रात एक इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। रात करीब 9 बजे मकान से आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग फैलने के खतरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के करीब 25 मकानों को खाली कराया। इस दौरान 100 से 150 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल की टीमों ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद रात 2 बजे आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी धर्मेंद्र जैन अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ घटना के समय मंदिर दर्शन करने गए थे। इसी दौरान उनके तीन मंजिला मकान में आग लग गई। घर में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कारोबारी की बहन सविता जैन ने बताया कि उन्हें भाभी का फोन आया था, जिन्होंने घर में आग लगने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार रास्ते से वापस लौट आया।
आग फैलने के खतरे से खाली कराए 25 मकान
आग लगे मकान के पास ही नितिन का घर है, जहां लोअर और टी-शर्ट बनाने की फैक्ट्री संचालित होती है। इलाके में घनी आबादी होने और आग दूसरी इमारतों तक फैलने के खतरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल आसपास के लोगों को घरों से बाहर निकलवाया। करीब 25 मकानों से 100 से 150 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
नगर निगम की 24 और एयरफोर्स की एक दमकल गाड़ी पहुंची
दमकल कर्मियों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। टीमों के मौके पर पहुंचने तक आग मकान की ऊपरी मंजिल तक फैल चुकी थी। आग बुझाने के लिए नगर निगम की 24 दमकल गाड़ियों और एयरफोर्स की एक दमकल गाड़ी को लगाया गया। लगातार पांच घंटे तक चले रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन के बाद रात करीब 2 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
मकान में मिला पूरी तरह भरा LPG सिलेंडर
आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों को मकान के अंदर एक पूरी तरह भरा LPG सिलेंडर मिला। आग के बीच सिलेंडर के चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, दमकलकर्मियों की सतर्कता से इस खतरे को टाल दिया गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
