Delhi Building Collapse: नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक पुराने मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में मलबे के नीचे दबने से 3 साल की बच्ची खुशबू और 30 वर्षीय युवक पिंटू की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान चलाकर मलबे में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकाला।

सुबह 10:09 बजे मिली हादसे की सूचना

पुलिस के मुताबिक, विवेक विहार थाने में सुबह करीब 10:09 बजे पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल में बताया गया कि ज्वाला नगर की गली नंबर 6 में एक मकान ढह गया है और कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

किराए पर रहते थे मजदूर परिवार

हादसे का शिकार हुआ मकान ग्राउंड प्लस दो मंजिला पुरानी इमारत थी, जो सुरेंद्र सिंह की बताई जा रही है। इसमें मजदूरी करने वाले कुछ परिवार किराए पर रहते थे। कैट्स एम्बुलेंस और स्थानीय प्रशासन की मदद से मलबे में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकालकर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने खुशबू और पिंटू को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार घायलों का इलाज जारी है।

हादसे में इन लोगों की हुई मौत और घायल

  • खुशबू (3 वर्ष) – मृत
  • पिंटू (30 वर्ष) – मृत
  • लड्डू उर्फ देवांश (27 वर्ष) – घायल
  • विकेश (35 वर्ष) – घायल
  • आकाश (25 वर्ष) – घायल
  • दिलीप उर्फ डिम्पा (22 वर्ष) – घायल

रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा, हादसे की जांच में जुटी पुलिस

प्रशासन के मुताबिक, मलबा हटाने और लोगों की तलाश का काम पूरा कर लिया गया है। पुलिस अब मकान की छत गिरने के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।