देहरादून: उत्तराखंड से मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। हादसा गुलार बाजार के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

सुबह 4:30 बजे हुआ दर्दनाक हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे और यह ऋषिकेश से चमोली की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह लगभग 4 बजकर 30 मिनट पर गूलर और शिवपुरी के पास बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री घायल हो गए।

20 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया

हादसे की जानकारी मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, चौकी शिवपुरी और चौकी ब्यासी सहित आसपास की पुलिस चौकियों का बल मौके पर पहुंचा। SDRF, फायर सर्विस और एंबुलेंस को भी तत्काल बुलाया गया।

बचाव दल ने अब तक 20 घायलों को खाई से निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा है। मौके पर पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। उच्चाधिकारी भी मौके के लिए रवाना हुए हैं।

जिलाधिकारी ने दी हादसे की जानकारी, रेस्क्यू अभियान जारी

टिहरी गढ़वाल के जिलाधिकारी ने हादसे की जानकारी साझा करते हुए बताया कि गुलार बाजार के पास बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला से SDRF की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। फिलहाल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख

टिहरी गढ़वाल में हुए इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हादसे के कारण हुई जान-माल की हानि से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

जोशीमठ में हेलीकॉप्टर हादसे में गई थी 6 लोगों की जान

गौरतलब है कि हाल ही में उत्तराखंड के जोशीमठ क्षेत्र में भी एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसा हुआ था। बदरीनाथ धाम से छह यात्रियों को लेकर सहस्त्रधारा, देहरादून जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण चाई और थायंग गांव के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई थी।