नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे का आज दूसरा दिन है। मंगलवार को प्रधानमंत्री मनीला में आयोजित 23वें आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी होगी। दोनों नेताओं की मुलाकात पर दुनिया की नजरें टिकी हैं। इसके अलावा पीएम मोदी 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेने के साथ फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।

मनीला में होगी क्वाड की अहम बैठक

प्रधानमंत्री मोदी आज शाम पौने 4 बजे मनीला में होने वाली क्वाड बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहेंगे। बैठक में चारों देशों के नेता हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

समुद्री सुरक्षा और चीन पर निर्भरता कम करने पर रहेगा जोर

क्वाड बैठक में समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों और सेमीकंडक्टर की आपूर्ति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में चीन पर निर्भरता कम करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर रहेगा। हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों में बुनियादी ढांचे, जलवायु परिवर्तन और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के मुद्दे भी एजेंडे में शामिल हैं।

21वें ईस्ट एशिया समिट में शामिल होंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 12 बजे 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में क्षेत्रीय सहयोग, आर्थिक साझेदारी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे पीएम मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

भारत-आसियान संबंधों के लिए भी अहम है यह वर्ष

भारत और आसियान देश इस वर्ष को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। वहीं, वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच राजनयिक संबंधों के 35 वर्ष तथा व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी की इस शिखर सम्मेलन में भागीदारी भारत और आसियान के संबंधों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।