Seoni Accident News: सिवनी: मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सोमवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पानी के टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना आदेगांव थाना क्षेत्र के कुरमुंडो नाला के पास सुबह करीब 11:30 बजे हुई। मृतकों की पहचान अर्जुन भलावी (25) और रामकुमार उइके (20) के रूप में हुई है। वहीं, घायल संदीप उइके (20) का अस्पताल में उपचार जारी है।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि मौके पर ही तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, बाइक पर तीन युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान कुरमुंडो नाला के पास उनकी बाइक पानी के टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल को लखनादौन अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आदेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। वहीं, घायल संदीप उइके को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लखनादौन में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
टैंकर जब्त, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
आदेगांव थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक घायल है। दुर्घटना में शामिल पानी के टैंकर को जब्त कर लिया गया है। टक्कर के बाद मौके से फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
