Jay Shah ICC Chairman: नई दिल्ली: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जय शाह को एक बार फिर अपना चेयरमैन चुन लिया है। वह लगातार दूसरी बार इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। बाली में हुई ICC बोर्ड और कमिटी की बैठक में सभी डायरेक्टर्स ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। उनके सामने कोई अन्य उम्मीदवार नहीं होने के कारण जय शाह को निर्विरोध दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया।

ICC ने की जय शाह के नेतृत्व की तारीफ

जय शाह के दोबारा चेयरमैन चुने जाने की जानकारी ICC ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए दी। ICC ने कहा कि बाली में हुई बोर्ड और कमिटी की बैठक में सभी डायरेक्टर्स के प्रस्ताव के बाद जय शाह को निर्विरोध दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया है। यह फैसला उनके नेतृत्व में बोर्ड के भरोसे को दर्शाता है।

ICC के मुताबिक, क्रिकेट इस समय बेहद अहम दौर से गुजर रहा है। ऐसे में दुनिया भर में इस खेल का विस्तार करने, प्रशंसकों की संख्या बढ़ाने और भविष्य में कमाई के नए अवसर तलाशने के लिए मजबूत नेतृत्व जरूरी है।

क्रिकेट को दुनिया भर में आगे बढ़ाना प्राथमिकता- जय शाह

दोबारा चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने कहा कि ICC के इस पद पर काम करना उनके लिए गर्व और बड़ी जिम्मेदारी की बात है। वह दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि क्रिकेट इस समय बेहद रोमांचक दौर से गुजर रहा है। साल 2028 में लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में क्रिकेट की वापसी से इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने का शानदार अवसर मिलेगा।

जय शाह ने कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि क्रिकेट के भविष्य को मजबूत करना भी उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, बिजनेस पार्टनर्स और खेल से जुड़े सभी लोगों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।

36 साल की उम्र में बने थे ICC के सबसे युवा चेयरमैन

जय शाह साल 2024 में पहली बार ICC के चेयरमैन बने थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। उस समय महज 36 साल की उम्र में वह ICC के इतिहास में सबसे कम उम्र के चेयरमैन बने थे।

जय शाह ICC के प्रमुख बनने वाले पांचवें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बता दें कि साल 2015 से पहले ICC के इस पद को प्रेसिडेंट कहा जाता था। बाद में इसका नाम बदलकर चेयरमैन कर दिया गया।