हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। सादाबाद कस्बे के कहारान मोहल्ले में एक मकान में अचानक आग लगने से बुजुर्ग दंपति की जलकर मौत हो गई। हादसे के वक्त दोनों घर में अकेले सो रहे थे। आग की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार रात करीब 1:30 बजे की है। मृतकों की पहचान शहजाद बेग (70) और उनकी पत्नी सलमा बेग (65) के रूप में हुई है। मकान में आग लगने की जानकारी मिलने पर पड़ोसियों ने शहजाद के भाई कासिम बेग को सूचना दी।

इसके बाद स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। मकान से आग की लपटें उठती देखकर लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की। इस बीच दमकल विभाग को भी सूचना दी गई।

आग बुझने के बाद मिले बुजुर्ग दंपति के शव

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद जब लोग मकान के अंदर पहुंचे तो बुजुर्ग दंपति के शव बुरी तरह जली हुई अवस्था में मिले। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

वृंदावन से पहुंची SDRF की 10 सदस्यीय टीम

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पड़ोसी जिले मथुरा के वृंदावन से राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की 10 सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची। टीम प्रभारी रजत कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से मकान में आग लगने की सूचना मिली थी, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही दमकल कर्मी आग पर काबू पा चुके थे।

वहीं, सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. नीरज शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सादाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी योगेंद्र कृष्ण नारायण के मुताबिक, आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

नोएडा की 6 दुकानों में लगी थी आग, एक व्यक्ति की मौत

उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी 24 अक्टूबर को आग लगने की बड़ी घटना सामने आई थी। सेक्टर-126 में करीब छह दुकानों में भीषण आग लग गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नोएडा के ADCP अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, दुकानों के अंदर बड़ी संख्या में LPG सिलेंडर मिले थे। इसके चलते राहत और बचाव कार्य के दौरान विशेष सतर्कता बरती गई।