खम्मम: तेलंगाना के खम्मम जिले से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां बेथुपल्ली झील में मछुआरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन पर गई SDRF की दो नावें अचानक पलट गईं। हादसे में 10 कांस्टेबल लापता बताए जा रहे हैं। तेज हवा और पानी के बहाव को नाव पलटने की वजह बताया जा रहा है। घटना के बाद डीप-सी डाइवर्स और बचाव दल लापता जवानों की तलाश में जुट गए हैं। वहीं, वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, हादसा खम्मम जिले के सथुपल्ली मंडल स्थित बेथुपल्ली झील में हुआ। झील में पांच मछुआरों को बचाने के लिए SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान तेज हवा और पानी के बहाव के कारण टीम की दो नावें अचानक पलट गईं। नावों के पलटने के बाद 10 कांस्टेबल लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही डीप-सी डाइवर्स और अन्य बचावकर्मियों को उनकी तलाश में लगाया गया। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

CM रेवंत रेड्डी ने लिया हादसे का संज्ञान

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खम्मम जिला कलेक्टर को SDRF के लापता जवानों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को भी समय-समय पर बचाव अभियान की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि राहत कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।

मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने दिया अपडेट

राज्य के राजस्व, आवास एवं सूचना और जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने बेथुपल्ली झील में SDRF की नावों के पलटने की घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि सरकार लगातार पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर रही है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पहले ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे चुके हैं। जिला कलेक्टर को SDRF कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने को कहा गया है।

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घटनास्थल पर राहत कार्यों में तेजी लाने और सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण एवं अतिरिक्त नावें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लापता जवानों की तलाश करने को कहा है।

मंत्री खुद मौके पर पहुंचकर करेंगे निगरानी

पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि वह लगातार जिला कलेक्टर के संपर्क में हैं और बचाव अभियान की प्रगति की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अगले दिन सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर खुद हालात का जायजा लेंगे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करेंगे। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की पहली प्राथमिकता SDRF के जवानों को सुरक्षित बाहर निकालना है। फिलहाल लापता कांस्टेबलों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।