नई दिल्ली: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर देश के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, यनम, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, झारखंड, तेलंगाना और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 28 अक्टूबर को केरल और माहे में भी बारिश होने की संभावना है।
100 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। तेलंगाना में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, झारखंड और आसपास के राज्यों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है, जिसकी गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 से 31 अक्टूबर के दौरान अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गांगेय पश्चिम बंगाल और झारखंड में बारिश हो सकती है। बिहार में 29 से 31 अक्टूबर के दौरान व्यापक बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश होने की संभावना है। 30 अक्टूबर को विदर्भ में भी बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत में भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 28 से 30 अक्टूबर के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर और उत्तराखंड में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बारिश की संभावना है।
पंजाब में 29 अक्टूबर से 1 नवंबर और हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में 29 और 30 अक्टूबर को कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। वहीं, 29 और 30 अक्टूबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवात का असर, कई इलाकों में नुकसान
आंध्र प्रदेश के कई जिलों में बुधवार सुबह से ही आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो रही है। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए हैं और बिजली के तार टूट गए हैं। काकीनाडा के तटीय इलाकों में चक्रवात का असर देखने को मिल रहा है। यहां रिहायशी इलाकों में समुद्र का पानी कई घरों में घुस गया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
