भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या पूजन और देवी पूजन की अनूठी परंपराएं हैं। हम नारी के कन्या रूप और मातृस्वरूपा देवी, दोनों की पूजा करते हैं। नारी नारायणी और शक्ति स्वरूपा हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता और विकास के साथ अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना जरूरी है। हमारी सरकार सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री गुरुवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित भोजपाल गरबा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव के रात्रिकालीन आयोजन का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां दुर्गा सर्वकल्याणकारी हैं और उनकी आराधना से नई ऊर्जा मिलती है। गरबा शक्ति की उपासना से मिलने वाली शांति, खुशी और उल्लास को व्यक्त करने का सहज माध्यम है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा के नौ स्वरूप हमें शक्ति, साहस और पराक्रम का संदेश देते हैं।
संस्कृति और विरासत पर गर्व करना जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए अपनी संस्कृति और विरासत को सुरक्षित रखना जरूरी है। इतिहास साक्षी है कि जिन समाजों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और विरासत को बनाए रखा, उन्होंने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल कीं। उन्होंने कहा कि विरासत से विकास राज्य सरकार का मूल ध्येय है और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाया जा रहा है।
महिलाओं के सम्मान और सामाजिक सद्भाव का लें संकल्प
डॉ. यादव ने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर सभी को समाज में सद्भाव बढ़ाने, महिलाओं का सम्मान करने और गरीबों व जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में प्रत्येक नागरिक से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सामूहिक उत्सवों से बढ़ता है आपसी मेलजोल
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरबा महोत्सव लगातार भव्य और व्यापक होता जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग इसमें भाग ले रहे हैं। ऐसे आयोजन सभी त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने के साथ खेल और शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति पर पतंग उत्सव, सर्दियों में भोपाल उत्सव और जन्माष्टमी सहित अन्य पर्वों को सामूहिक उत्साह के साथ मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
2047 तक भारत को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने की कामना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान दुनिया में स्थापित हुआ है, जो सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कामना की कि वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत हर क्षेत्र में विश्व का अग्रणी देश बने और भारतीय संस्कृति, सामर्थ्य तथा गौरव का परचम पूरी दुनिया में ऊंचा रहे।
