India-Canada Relations: नई दिल्ली। भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं। कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की। बैठकों में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, तकनीक, सुरक्षा, शिक्षा और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। लंबे समय से तनावपूर्ण रहे दोनों देशों के संबंधों को फिर से बेहतर बनाने की कोशिशों के बीच इन मुलाकातों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

PM मोदी से मुलाकात में रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारत और कनाडा के पास मिलकर अधिक समृद्ध भविष्य बनाने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और व्यापार, निवेश तथा सुरक्षा के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई।

अनीता आनंद ने दोनों देशों के करीब 80 साल पुराने राजनयिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि परिवारों, छात्रों और उद्यमियों की कई पीढ़ियों ने भारत और कनाडा को करीब लाने में अहम भूमिका निभाई है।

मार्क कार्नी की भारत यात्रा का किया जिक्र

कनाडा की विदेश मंत्री ने भारत और कनाडा के बीच हाल के उच्चस्तरीय संपर्कों का उल्लेख करते हुए कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की इस साल की शुरुआत में हुई भारत यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने मौजूदा ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ को भी दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

अनीता आनंद ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच बढ़ते संपर्कों से ऐसे अवसर पैदा होंगे, जो लंबे समय तक भारत और कनाडा के लिए फायदेमंद साबित होंगे।

जयशंकर के साथ व्यापार, ऊर्जा और सुरक्षा पर बातचीत

अनीता आनंद ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ भी द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि एक साल पहले नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान भारत-कनाडा संबंधों के लिए साझा रोडमैप तैयार करने पर विचार किया गया था। अब दोबारा भारत आने पर उन्होंने व्यापार वार्ता तथा ऊर्जा, नवाचार और सुरक्षा के क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष जताया।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी बैठक में दोनों देशों के संबंधों की समीक्षा की। बातचीत में व्यापार, निवेश, शिक्षा, ऊर्जा, रक्षा और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे विषय शामिल रहे। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए।

PM मोदी और मार्क कार्नी के बीच फोन पर हुई थी बातचीत

अनीता आनंद की भारत यात्रा से एक दिन पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में बन रहे सकारात्मक माहौल को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।

इस दौरान व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, सुरक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया। लगातार हो रही उच्चस्तरीय बातचीत को दोनों देशों के संबंधों में सुधार की कोशिशों का हिस्सा माना जा रहा है। इससे पहले G7 सम्मेलन के दौरान भी भारत और कनाडा के बीच बेहतर होते संपर्कों की झलक देखने को मिली थी।

300 प्रतिनिधियों के साथ भारत आया कनाडा का व्यापार मिशन

भारत और कनाडा के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को लेकर भी बातचीत जारी है। दोनों देश इस समझौते की वार्ता को आगे बढ़ाने और व्यापार तथा निवेश के अवसरों का विस्तार करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू करीब 300 प्रतिनिधियों के व्यापारिक दल का नेतृत्व कर रहे हैं। यह प्रतिनिधिमंडल भारत में विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में कारोबारी संभावनाएं तलाश रहा है। ऐसे में दोनों देशों के बीच जारी कूटनीतिक बातचीत का एक प्रमुख उद्देश्य आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना और व्यापारिक संबंधों को नई दिशा देना है।