नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के बुधवार को 25 साल पूरे हो गए। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी राजनीतिक यात्रा अब देश के प्रधानमंत्री के रूप में जारी है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री मोदी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से मिलने पहुंचे और उन्हें फूल भेंट किए। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें वे साथ बैठकर बातचीत करते नजर आए।
गुजरात के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक का सफर
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। वह करीब 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने और लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता संभाल रहे हैं। इस तरह मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे किए हैं। इस मौके पर बीजेपी और NDA के नेताओं ने प्रधानमंत्री को बधाई दी।
PM मोदी ने दिया ‘We Will Do It’ का मंत्र
सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सामने नए संकल्प और लक्ष्यों की बात रखी। उन्होंने ‘We Will Do It’ का मंत्र देते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। प्रधानमंत्री के विजन में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना, देश को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना, भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना और देश में ओलंपिक खेलों की मेजबानी जैसे लक्ष्य शामिल हैं। उन्होंने अंतरिक्ष में तिरंगा लहराने के संकल्प की भी बात कही।
अमित शाह ने बताया ‘स्वर्णिम दिन’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने को लोकतंत्र के इतिहास का स्वर्णिम दिन बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल का यह सफर इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत कल्याण, गरीब कल्याण और देश के गौरव की यात्रा रही है। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए अनुच्छेद 370 हटाने और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई को भी महत्वपूर्ण बताया।
योगी बोले- हर भारतवासी के लिए गौरव का दिन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिन हर भारतवासी के लिए गौरव का दिन है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को नई पहचान दिलाने के साथ देश को समर्थ और सशक्त बनाने का काम किया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण की दिशा में काम हुआ है।
शिवराज और फडणवीस ने भी PM मोदी को दी बधाई
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को अद्भुत और ऐतिहासिक यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यात्रा आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के महायज्ञ तक पहुंच गई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को मजबूत नेतृत्व दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुई है और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने की दिशा में काम हुआ है। NDA के कई अन्य नेताओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
