नई दिल्ली: चुनाव आयोग की कार्यशैली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA गठबंधन के सांसदों का दिल्ली में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। बुधवार को जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे विपक्षी सांसदों को दिल्ली पुलिस ने रोककर हिरासत में लेना शुरू किया। इसी दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सड़क पर लेटी नजर आईं। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें गिराया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

सड़क पर लेटे हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि सांसद सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें जगह-जगह खरोंच दिया और जमीन पर गिरा दिया। प्रियंका गांधी ने कहा कि जब तक पुलिस अपनी फोर्स वापस नहीं बुलाती, तब तक वह वहां से नहीं हटेंगी। उन्होंने कहा कि सांसदों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।

राहुल गांधी भी हिरासत में लिए गए

प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें बस में बैठाकर दूसरी जगह ले गई। इसके बाद सड़क पर मौजूद प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने उठाकर बस में बैठा दिया। इस दौरान INDIA गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते नजर आए।

24 घंटे में दूसरी बार हिरासत में राहुल-प्रियंका

खास बात यह है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को पिछले 24 घंटे के भीतर दूसरी बार हिरासत में लिया गया है। मंगलवार को भी INDIA गठबंधन के सांसदों ने चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च किया था। बुधवार को भी विपक्षी सांसद जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे थे, जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

‘मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ के लगे नारे

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। मौके पर ‘नहीं चलेगी, नहीं चलेगी, मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। इस बीच केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीसन भी केरल हाउस से जंतर-मंतर के पास उस स्थान की ओर मार्च करते नजर आए, जहां INDIA गठबंधन के कई सांसदों को पुलिस ने रोक रखा था।

पप्पू यादव का आरोप- प्रियंका गांधी को पीटा गया

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने प्रियंका गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी को उस समय पीटा गया, जब वह अपने कार्यकर्ताओं और सांसदों को बचाने की कोशिश कर रही थीं।

पप्पू यादव ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि दोनों नेताओं की जान को खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले नेताओं को दबाने की कोशिश की जा रही है।