नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के नए सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर सौरव गांगुली को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। दिल्ली कैपिटल्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर कर इसकी आधिकारिक घोषणा की।
दिल्ली कैपिटल्स ने गांगुली की नियुक्ति का ऐलान करते हुए लिखा, “दिल्ली, यह दादागिरी का समय है। सौरव गांगुली, टाइगर्स के हेड कोच।” गांगुली अब टीम के कोचिंग सेटअप की जिम्मेदारी संभालेंगे। पिछले सीजन तक पूर्व भारतीय क्रिकेटर हेमंग बदानी टीम के हेड कोच थे।
दिल्ली को पहली IPL ट्रॉफी दिलाने की चुनौती
दिल्ली कैपिटल्स उन टीमों में शामिल है, जो अब तक IPL का खिताब नहीं जीत सकी हैं। ऐसे में गांगुली के सामने टीम को पहली बार चैंपियन बनाने की बड़ी चुनौती होगी। दिल्ली की टीम पिछले कुछ सीजन में भी अपेक्षाओं के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी है और 2021 के बाद से प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है।
दिल्ली कैपिटल्स से पुराना रिश्ता
सौरव गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स के साथ पुराना और गहरा जुड़ाव रहा है। मार्च 2019 में उन्हें टीम का सलाहकार नियुक्त किया गया था। हालांकि, अक्टूबर 2019 में BCCI अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी की जिम्मेदारी छोड़ दी थी। BCCI में कार्यकाल पूरा करने के बाद गांगुली दोबारा डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट के तौर पर दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े। इस भूमिका में उन्होंने IPL और महिला प्रीमियर लीग (WPL) की टीमों के संचालन और खिलाड़ियों के चयन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।
SA20 में भी निभा चुके हैं हेड कोच की भूमिका
गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी प्रिटोरिया कैपिटल्स के साथ भी बतौर हेड कोच काम किया है। SA20 के 2025 सीजन में उनकी कोचिंग में प्रिटोरिया कैपिटल्स ने फाइनल तक का सफर तय किया था। अब IPL में दिल्ली कैपिटल्स के साथ उन्हें अपनी रणनीति और अनुभव का इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।
दिल्ली के सातवें हेड कोच होंगे गांगुली
सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के लिए हेड कोच की भूमिका निभाने वाले सातवें प्रमुख नाम होंगे। उनसे पहले ग्रेगरी शिपर्ड, एरिक साइमंस, गैरी कर्स्टन, पैडी अप्टन, रिकी पोंटिंग और हेमंग बदानी टीम की कोचिंग जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब फ्रेंचाइजी को उम्मीद होगी कि गांगुली के अनुभव और नेतृत्व में टीम IPL 2027 में खिताबी दौड़ में मजबूती से वापसी करेगी।
