Gold-Silver Rate: भोपाल: कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को सोने की कीमतों में गिरावट और चांदी के भाव में तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट शुद्ध सोना 1,47,800 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,26,550 रुपए प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही है। वहीं, देश के सराफा बाजारों में सोने-चांदी के भाव अलग-अलग शहरों में मामूली अंतर के साथ बने हुए हैं।

IBJA पर सोना करीब 1.48 लाख, चांदी 2.21 लाख के आसपास

इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.48 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब 2.21 लाख रुपए प्रति किलो के आसपास बनी हुई है। वहीं, गुडरिटर्न्स के अनुसार 24 कैरेट सोना 1,49,330 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,35,000 रुपए प्रति किलो के स्तर पर है। दरअसल, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती, 3 अक्टूबर को शनिवार और 4 अक्टूबर को रविवार होने के कारण MCX पर कारोबार बंद रहा था। हालांकि, देश के कई सराफा बाजार खुले रहे थे।

भोपाल-इंदौर में 24 कैरेट सोना ₹1.49 लाख के पार

भोपाल और इंदौर के सराफा बाजार में 24 कैरेट सोने का भाव 1,49,230 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। वहीं, आभूषण बनाने में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला 22 कैरेट सोना 1,36,800 रुपए और 18 कैरेट सोना 1,11,940 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।चांदी की कीमत यहां करीब 2,35,000 रुपए प्रति किलो बनी हुई है।

दिल्ली, जयपुर और लखनऊ में भी सोने के भाव करीब समान

दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़ और लखनऊ में 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1,49,330 रुपए, 22 कैरेट सोना 1,36,900 रुपए और 18 कैरेट सोना 1,12,040 रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास है। इन शहरों में चांदी करीब 2,35,000 रुपए प्रति किलो के भाव पर कारोबार कर रही है। मुंबई, पुणे, नागपुर समेत कई प्रमुख शहरों में भी चांदी का भाव करीब 2.35 लाख रुपए प्रति किलो है। वहीं, चेन्नई, हैदराबाद, विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और केरल में चांदी करीब 2.40 लाख रुपए प्रति किलो बताई जा रही है।

मिडिल ईस्ट तनाव और डॉलर की मजबूती का असर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिडिल ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिकी डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण अनिश्चितता बनी हुई है। इसका असर सोने और चांदी की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए की सीमित चाल और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर मिल रहे संकेतों के बीच निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान तनाव और वैश्विक बाजार की अनिश्चितता बनी रहने तक सोने और कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। कुछ विशेषज्ञ सोने में गिरावट को खरीदारी के मौके के तौर पर देख रहे हैं।