नई दिल्ली: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट के हमले के दौरान घायल हुए भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉल पर अपने अनुभव साझा किए। बातचीत के दौरान मच्छार ने बताया कि मुश्किल हालात में वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में उन्हें इससे हिम्मत और मानसिक मजबूती मिलती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन मच्छार के साहस, सूझबूझ और संयम की सराहना की। पीएम ने उनसे उनके स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि पूरा देश उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है। बातचीत के दौरान मच्छार भावुक भी हो गए। उन्होंने प्रधानमंत्री से बातचीत को अपने लिए बेहद खास पल बताया और कहा कि मोदी उनके सबसे बड़े आदर्श हैं।

मच्छार ने बताया, मुश्किल वक्त में हनुमान चालीसा पढ़ रहा था

कैप्टन स्मित मच्छार ने प्रधानमंत्री को बताया कि जब विमान में संकट की स्थिति बनी, तब वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह और उनका बेटा भी हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। उनके मुताबिक, इस प्रार्थना से उन्हें उस कठिन समय में हिम्मत मिली।

कॉकपिट में हमले के बाद भी दिखाई सूझबूझ

फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में उड़ान के दौरान कॉकपिट में को-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और अन्य लोगों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। विमान में 174 यात्री और आठ क्रू सदस्य थे।

तेजी से नीचे आया था विमान

घटना के दौरान विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर था। कॉकपिट में हुए घटनाक्रम के बाद विमान तेजी से नीचे आया। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान ने कुछ ही समय में करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई गंवाई। इसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और विमान को तबूक की ओर मोड़कर सुरक्षित लैंड कराया गया।

अस्पताल में इलाज जारी, स्वास्थ्य में सुधार

घटना में घायल कैप्टन स्मित मच्छार का इलाज जारी है और उनके स्वास्थ्य में सुधार की जानकारी सामने आई है। शुरुआत में उन्हें सऊदी अरब के तबूक में चिकित्सा सहायता दी गई, जिसके बाद उन्हें अबू धाबी के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। घटना की परिस्थितियों और को-पायलट की भूमिका को लेकर संबंधित एजेंसियों की जांच जारी है।