MP Board Result 2026: एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट 15 अप्रैल सुबह 11 बजे होगा जारी, 16 लाख छात्रों का इंतजार खत्म
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस वर्ष करीब 16 लाख छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे।

MP Board Result 2026: भोपाल। मध्य प्रदेश में एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा देने वाले लाखों छात्रों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस वर्ष करीब 16 लाख छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे।
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि रिजल्ट जारी करने से पहले कॉपियों की क्रॉस चेकिंग और वैरिफिकेशन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की गई है। हर स्तर पर जांच की गई ताकि किसी तरह की गलती की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि इस बार परिणाम पूरी तरह “फुलप्रूफ” रखने की कोशिश की गई है, जिससे छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
10वीं में 9 लाख से ज्यादा छात्र
प्रदेश में आयोजित बोर्ड परीक्षाओं में कुल 16 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें करीब 9 लाख 7 हजार छात्र 10वीं और लगभग 7 लाख छात्र 12वीं की परीक्षा में बैठे थे। परीक्षा के लिए पूरे राज्य में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
नकल के 100 मामले सामने आए
नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड, सीसीटीवी निगरानी और प्रश्नपत्र वितरण की वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद प्रदेश में लगभग 100 नकल प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें मुरैना जिले में सबसे ज्यादा 41 और भोपाल में 20 मामले सामने आए।
एक्सपर्ट की सलाह-बच्चों पर दबाव न डालें
डॉक्टरों और काउंसलर्स ने अभिभावकों से अपील की है कि रिजल्ट को लेकर बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं। गांधी मेडिकल कॉलेज की डॉ. रुचि सोनी के अनुसार हर छात्र अच्छा परिणाम चाहता है, लेकिन एक परीक्षा से जीवन तय नहीं होता। ऐसे समय में बच्चों को मानसिक सहयोग और प्रोत्साहन देना जरूरी है।
समय पर रिजल्ट से छात्रों को राहत
शिक्षा विभाग का उद्देश्य तय समय पर परिणाम घोषित करना है, ताकि छात्र बिना देरी अगली कक्षा या अन्य कोर्स में प्रवेश ले सकें। समय पर रिजल्ट आने से छात्रों और अभिभावकों दोनों को राहत मिलेगी।




