दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टेकऑफ से पहले स्विस फ्लाइट में धुआं, 232 यात्री सुरक्षित निकाले गए
Major Accident Averted at Delhi Airport: नई दिल्ली | दिल्ली से ज्यूरिख जा रहे स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स में सवार 232 यात्री उस वक्त बाल-बाल बच गए जब टेकऑफ से पहले ही विमान से धुआं उठने लगा। पायलट ने तुरंत टेकऑफ कैंसिल कर दिया और इमरजेंसी में यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की ज्यूरिख जा रही फ्लाइट LX147 रविवार तड़के करीब एक बजे दिल्ली से उड़ाने भरने के लिए तैयार थी। टेकऑफ के दौरान तकीनीकी खराबी आ गई। बताया जाता है कि इंजन में खराबी के चलते लैंडिंग गियर के पोर्ट साइड से धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ कैंसिल कर दिया। विमान में सवार यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एयरलाइन के प्रवक्ता के अनुसार एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों के लिए सीढ़ियों का भी इस्तेमाल किया गया। इस दौरान 6 यात्रियों को हल्की चोट या असहजता के कारण मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। एयरलाइन ने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम दिल्ली पहुंचकर विमान की जांच करेगी। साथ ही, सभी यात्रियों के लिए जल्द से जल्द वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की जा रही है।




