weather

MP Weather News: भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। 25 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी मध्यप्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं, जबकि मालवा-निमाड़ और ग्वालियर-चंबल समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इन जिलों में भारी बारिश के आसार

25 अगस्त को नरसिंहपुर, उज्जैन, धार, दतिया, खंडवा, मंडला, रतलाम, अलीराजपुर, सिवनी, नर्मदापुरम, शिवपुरी, सीधी और खरगोन में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा भोपाल, जबलपुर और रीवा समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। पूर्वी मध्यप्रदेश में भारी बारिश को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत बताई गई है।

तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट

बारिश के साथ कुछ इलाकों में आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार करीब 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

कई जिलों में पहले से बने हैं बाढ़ जैसे हालात

मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में पिछले दिनों हुई भारी बारिश से रीवा, सतना, पन्ना और डिंडौरी समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। रीवा में बड़ी संख्या में लोगों को रेस्क्यू किया गया, जबकि कई नदियों का जलस्तर बढ़ा है। ऐसे में अगले दौर की बारिश को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

आगे भी जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में 25 अगस्त के बाद भी बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए लोगों को मौसम संबंधी स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।