umang singhar

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति महाविद्यालयीन छात्रावास की जर्जर हालत और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई बड़े नेताओं को शिक्षा देने वाला यह ऐतिहासिक छात्रावास आज बदहाली के दौर से गुजर रहा है और खंडहर होने की कगार पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री आवास के करीब स्थित छात्रावास की यह हालत है तो प्रदेश के दूर-दराज के छात्रावासों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

दरअसल, उमंग सिंघार गुरुवार को भोपाल स्थित डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति महाविद्यालयीन छात्रावास पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान उन्होंने छात्रों की मांग पर अपने प्रयासों और निधि से स्थापित कराई गई कम्प्यूटर लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया।

छात्रों की मांग पर स्थापित कराई कम्प्यूटर लाइब्रेरी

नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने बताया कि पिछली बार जब उन्होंने छात्रावास का दौरा किया था, तब विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी की मांग रखी थी। छात्रों की जरूरत और भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने प्रयासों से कम्प्यूटर लाइब्रेरी की व्यवस्था कराई। इससे विद्यार्थियों को अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके सपनों को नई उड़ान देना उनकी प्राथमिकता है। शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए सशक्त, शिक्षित और समान अवसरों वाला समाज बनाया जा सकता है।

जर्जर इमारत और सुविधाओं की कमी पर जताई नाराजगी

कम्प्यूटर लाइब्रेरी के उद्घाटन के बाद उमंग सिंघार ने छात्रावास परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जर्जर इमारत, नहाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और विद्यार्थियों की अन्य समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि भोपाल का यह ऐतिहासिक छात्रावास, जहां मध्यप्रदेश के कई बड़े नेताओं ने पढ़ाई की, आज सरकार की लापरवाही के कारण खंडहर होने की कगार पर है। सिंघार ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास से चंद मिनट की दूरी पर स्थित छात्रावास की यह हालत सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करती है।

भाजपा और आरएसएस पर लगाए आरोप

सिंघार ने आरोप लगाया कि जब राजधानी में मुख्यमंत्री आवास के इतने करीब स्थित छात्रावास में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, तो प्रदेश के दूर-दराज के छात्रावासों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर आदिवासियों और दलितों के अधिकारों एवं सुविधाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार आदिवासी गौरव दिवस मना रही है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी बच्चों के छात्रावास बदहाल हैं। यह सरकार के दावों और जमीनी स्थिति के बीच विरोधाभास को दर्शाता है।

युवाओं के रोजगार और भर्ती परीक्षाओं पर भी उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में देरी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन भाजपा सरकार के पास युवाओं के सवालों का जवाब देने का समय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितता, रिजल्ट लंबित रहने और रिश्वतखोरी के आरोपों से युवाओं का मनोबल टूट रहा है। सिंघार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से युवाओं के भविष्य को लेकर जवाब मांगेगी।

पहले भी कर चुके हैं छात्रावास का दौरा

उमंग सिंघार ने बताया कि कुछ महीने पहले भी उन्होंने छात्रावास का दौरा कर विद्यार्थियों की समस्याओं का मुद्दा उठाया था। इसके बावजूद न तो सरकार का ध्यान छात्रावास की ओर गया और न ही छात्रों की समस्याओं का समाधान हुआ। इसी वजह से उन्होंने दोबारा छात्रावास पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया।

उन्होंने कहा कि सरकार को केवल योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को जमीन पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। दलित और आदिवासी विद्यार्थियों के लिए बने छात्रावासों की स्थिति सुधारना सरकार की जिम्मेदारी है।