Chhatarpur News: छतरपुर। शासकीय नवीन आदर्श महाविद्यालय, छतरपुर में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये की फर्नीचर और आईसीटी उपकरणों की खरीदी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेत्री दीप्ति पाण्डेय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आवेदन देकर इस पूरी खरीदी की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरटीआई से मिली जानकारी के आधार पर खरीदी में भ्रष्टाचार और शासकीय राशि के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं।

आरटीआई से मिली जानकारी के आधार पर लगाए गंभीर आरोप

मुख्यमंत्री को दिए आवेदन में दीप्ति पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि शासकीय नवीन आदर्श महाविद्यालय, छतरपुर में रूसा परियोजना के तहत उपलब्ध राशि से बड़ी मात्रा में फर्नीचर और आईसीटी उपकरण खरीदे गए। आवेदन के मुताबिक कॉलेज के भवन का अभी तक पूरी तरह हैंडओवर भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद बजट खर्च करने के उद्देश्य से करीब 1 करोड़ 94 लाख 84 हजार 214 रुपये की खरीदी की गई।

कॉलेज में करीब 90 छात्र, खर्च किए गए लगभग 1.95 करोड़

आवेदन में दावा किया गया है कि महाविद्यालय में वर्तमान में करीब 90 छात्र हैं और इतनी कम छात्र संख्या के बावजूद लगभग 1.95 करोड़ रुपये की फर्नीचर एवं आईसीटी उपकरणों की खरीदी की गई। आरोप है कि इस खरीदी का भुगतान ग्वालियर की ए.एन. इंटरप्राइजेज नामक कंपनी को किया जा चुका है। कांग्रेस नेत्री ने कंपनी को लेकर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।

खरीदी गई सामग्री का आधा सामान गायब होने का दावा

दीप्ति पाण्डेय ने आवेदन में आरटीआई से प्राप्त जानकारी का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि कॉलेज के लिए खरीदी गई सामग्री में से आधा सामान मौके से गायब है। ऐसे में खरीदी की प्रक्रिया, भुगतान और मौके पर उपलब्ध सामग्री का भौतिक सत्यापन कराए जाने की मांग की गई है।

रूसा की राशि और खरीद प्रक्रिया पर उठाए सवाल

आवेदन के अनुसार, शासकीय नवीन आदर्श महाविद्यालय को रूसा परियोजना के अंतर्गत करीब 12 करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हुआ था। इसमें से 3 करोड़ रुपये भवन निर्माण के लिए पीआईयू नीगांव को दिए गए, जबकि शेष राशि कॉलेज स्तर पर खर्च की जानी थी। इसी राशि से हुई खरीदी को लेकर कांग्रेस नेत्री ने पूरी प्रक्रिया की जांच की मांग उठाई है।

श्योपुर के मामले का भी दिया हवाला

आवेदन में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, श्योपुर में रूसा मद में भंडार एवं क्रय नियमों की कथित अवहेलना का भी हवाला दिया गया है। दीप्ति पाण्डेय का कहना है कि जब श्योपुर में खरीद प्रक्रिया को लेकर एफआईआर की कार्रवाई की जा रही है, तो छतरपुर के नवीन आदर्श महाविद्यालय में भी इसी तरह खरीद और संबंधित कंपनी से हुए भुगतान की जांच होनी चाहिए।

CM से उच्चस्तरीय जांच और भौतिक सत्यापन की मांग

कांग्रेस नेत्री दीप्ति पाण्डेय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले में उच्चस्तरीय जांच दल गठित करने, रूसा के तहत खरीदी गई सामग्री में कथित भ्रष्टाचार और शासकीय राशि के दुरुपयोग की जांच कराने तथा खरीदी गई सामग्री का मौके पर भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। आवेदन में उन्होंने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की भी मांग रखी है।