MP Morena News: मुरैना: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में मोबाइल चोरी और गुम होने के मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल ट्रेसिंग के जरिए अलग-अलग स्थानों से 401 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 95 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने बरामद किए गए मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए हैं।

बरामद मोबाइल में एप्पल, सैमसंग, वनप्लस, ओप्पो, रियलमी और मोटोरोला समेत कई नामी कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं। लंबे समय से चोरी या गुम हुए मोबाइल वापस मिलने पर उनके वास्तविक स्वामियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।

अलग-अलग स्थानों से 401 मोबाइल किए बरामद

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में जिले के विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों में मोबाइल फोन चोरी और गुम होने की कई शिकायतें सामने आई थीं। मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी धर्मराज मीणा के निर्देशन में साइबर सेल की टीम ने मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और ट्रेसिंग शुरू की।

साइबर सेल ने शिकायतों में दर्ज मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। तकनीकी माध्यमों से लगातार ट्रेसिंग के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से कुल 401 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।

एसपी धर्मराज मीणा ने की लोगों से अपील

मुरैना एसपी धर्मराज मीणा ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन चोरी या गुम होने की स्थिति में बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें और शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से तकनीकी माध्यमों के जरिए मोबाइल की लोकेशन और अन्य जरूरी जानकारी जुटाकर उसे ट्रेस करने और बरामद करने की संभावना बढ़ जाती है। पुलिस ने कहा है कि चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन की ट्रेसिंग और बरामदगी के लिए तकनीकी माध्यमों से कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।