Panna News: पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बांध में पांच दोस्त डूब गए, जिनमें से तीन युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच दोस्त बांध के गहरे पानी में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय मछुआरों ने तुरंत बचाव के प्रयास शुरू किए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से साहिल तिवारी, हरिओम द्विवेदी और करण सोनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दो युवकों की मौत से परिवारों में मातम

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आयुष अग्रवाल (18), पिता शेष अग्रवाल और कृष्णा सोनी (25), पिता नारायण दास सोनी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विसर्जन के दौरान पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने के कारण हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों युवक प्रतिमा के नीचे दब गए थे, जिससे उन्हें बचाने में देरी हुई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू और तहसीलदार सुमित तिवारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। इस हादसे से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं और देवेंद्र नगर क्षेत्र में शोक का माहौल है।