Maharashtra Accident News: भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ट्रक और पिकअप वैन के बीच हुई जोरदार टक्कर में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 3 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नागपुर-रायपुर हाईवे पर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक दुर्घटना पिंपलगांव सड़क इलाके में भाऊ ढाबे के पास हुई। सुबह के समय ट्रक और पिकअप वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन में सवार 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

3 घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में घायल हुए तीन लोगों को सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

एसपी ने की 8 मौतों की पुष्टि

भंडारा जिले के एसपी नूरुल हसन ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर हुई। इस दुर्घटना में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि 3 अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है। मृतकों और घायलों की पहचान समेत दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

नांदेड़ में भी ट्रक-वैन की टक्कर में गई थी 6 जानें

महाराष्ट्र में हाल ही में ऐसा ही एक और भीषण सड़क हादसा सामने आया था। नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के पास ट्रक और वैन की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 8 लोग घायल हुए थे। यह हादसा गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ था। ट्रक से हुई जोरदार टक्कर में वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और ड्राइवर केबिन में फंस गया था। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया था।