भोपाल: बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान की एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पोस्ट में पहने गए एक पेंडेंट पर पवित्र कुरान की आयतें लिखे होने का दावा करते हुए कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने आपत्ति जताई है। उन्होंने भोपाल कोर्ट के माध्यम से अपने वकील जफर के जरिए अभिनेत्री को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में पोस्ट हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की मांग की गई है।

क्या है पूरा मामला?

अब्बास हफीज के मुताबिक, करीना कपूर खान ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में भोपाल रियासत और शाही परिवार की ऐतिहासिक विरासत से जुड़े गहने पहने हैं। इनमें एक कलगी और एक पेंडेंट शामिल है। हफीज का कहना है कि उन्हें अभिनेत्री के लिबास या कलगी पहनने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन पेंडेंट पर पवित्र कुरान की आयतें लिखी हुई हैं। उनके अनुसार, यह पेंडेंट करीब 400 साल पुराना है।

इबादत के लिए बनवाया गया था पेंडेंट

कांग्रेस नेता ने पेंडेंट के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि इसे भोपाल की बेगमों शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने अपनी व्यक्तिगत आस्था और इबादत के लिए बनवाया था। उनका दावा है कि यह पेंडेंट कभी फैशन या दिखावे के उद्देश्य से तैयार नहीं किया गया था।

धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप

कानूनी नोटिस में कहा गया है कि मुस्लिम समुदाय में कुरान की आयतों के प्रति गहरा सम्मान है। समुदाय के लोग बिना वजू किए इन आयतों को छूने से भी बचते हैं। नोटिस में यह भी कहा गया है कि इस्लामिक धर्मगुरु कुरान की आयतों को गहनों के रूप में इस्तेमाल करने के खिलाफ रहे हैं। ऐसे में आस्था से जुड़ी पवित्र वस्तु को फैशन के तौर पर पहनकर प्रदर्शित करना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।

पोस्ट हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग

अब्बास हफीज ने नोटिस के जरिए करीना कपूर खान से विवादित इंस्टाग्राम पोस्ट तत्काल हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम उन्होंने किसी राजनीतिक दल या पद के प्रभाव में नहीं, बल्कि अपनी व्यक्तिगत और मुस्लिम समुदाय की आस्था के चलते उठाया है।

माफी नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी

कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी है कि यदि करीना कपूर खान पोस्ट नहीं हटाती हैं और माफी नहीं मांगती हैं, तो वे अपने वकील से सलाह लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगे। फिलहाल विवाद को लेकर अभिनेत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं दी गई है।