MP Weather Update: भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून का असर अब भी बना हुआ है। शुक्रवार, 28 अगस्त को प्रदेश के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान करीब ढाई से 4 इंच तक बारिश हो सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
टीकमगढ़, छतरपुर, कटनी, सीधी, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है।
भोपाल समेत इन जिलों में भी बारिश
राजधानी भोपाल में हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड और श्योपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।
वहीं जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडोरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह और निवाड़ी में भी मौसम बदला रहने और कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
29 और 31 अगस्त को भी बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार 28 से 30 अगस्त तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। 29 अगस्त को शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट, जबकि 31 अगस्त को मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में अब तक करीब 674.6 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से लगभग 9 प्रतिशत कम है। ऐसे में बारिश का यह दौर किसानों और जलस्रोतों के लिए राहत लेकर आ सकता है, लेकिन भारी बारिश वाले जिलों में लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सावधानी बरतने की जरूरत है।
