MP Dhar News: धार: इंदौर लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को धार जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की। शुरुआती जांच में उनके पास आय से अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त के मुताबिक, करीब 20 साल की नौकरी में ठाकुर को 65 लाख रुपए वेतन मिला, जबकि इस दौरान उन्होंने 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति अर्जित की और खर्च किए। यह उनकी वैध आय से 271.46 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
लोकायुक्त ने शेरसिंह ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है। तीन टीमें सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित उनके ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं। संपत्तियों और दस्तावेजों के साथ अन्य सामान का सत्यापन और मूल्यांकन किया जा रहा है।
दो मंजिला मकान पर 97 लाख रुपए खर्च
जांच में सामने आया कि ठाकुर ने ग्राम सोडपुर, नालछा में 0.1520 हेक्टेयर का भूखंड खरीदा। इस पर 2400 वर्गफीट में दो मंजिला मकान बनवाया गया। भूखंड की खरीद और मकान निर्माण पर करीब 97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है।
इसके अलावा नालछा में मांडव रोड स्थित सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का एक अन्य भवन खरीदा गया है। इसका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए बताई गई है।
पत्नी के नाम पर भी खरीदी कृषि जमीन
लोकायुक्त की जांच में ठाकुर की पत्नी कविता के नाम पर कृषि भूमि खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है। ग्राम सोडपुर, तहसील पीथमपुर में 0.645 हेक्टेयर जमीन 8 लाख रुपए में खरीदी गई। वहीं, ग्राम मांडव, तहसील पीथमपुर में 2.526 हेक्टेयर जमीन की खरीद पर 42 लाख रुपए खर्च किए गए।
JCB, ट्रैक्टर, कार और बुलेट भी मिलीं
लोकायुक्त के मुताबिक, ठाकुर के पास JCB, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा TUV, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि यंत्र-संयंत्र भी मिले हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 53 लाख रुपए आंकी गई है।
इसके अलावा ठाकुर से जुड़े एक अन्य बेनामी भवन की जानकारी भी मिली है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है। अलग-अलग संपत्तियों पर मिले कृषि यंत्रों, ट्रैक्टरों और ट्रॉलियों के स्वामित्व और कीमत का आकलन भी किया जा रहा है।
सर्चिंग और दस्तावेजों की जांच जारी- एसपी
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश सहाय के नेतृत्व में कार्रवाई जारी है। सर्च अभियान में डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया शामिल हैं। यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की जा रही है।
एसपी राजेश सहाय ने बताया कि ठिकानों पर तलाशी और दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद संपत्तियों की वास्तविक कीमत और आय के अनुपात में अनुपातहीन संपत्ति का अंतिम आकलन किया जाएगा।
