Dhirendra Krishna Shastri Controversial Statement: भोपाल: कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में श्रीराम कथा के दौरान की गई टिप्पणी पर मथुरा के साधु-संतों ने नाराजगी जताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की है। वहीं, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मामले में धीरेंद्र शास्त्री पर तंज कसा है।
भूपेश बघेल ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘कोई तो केमिकल लोचा है। इनकी रेबीज वगैरह की जांच करवाना ठीक होगा।’ उन्होंने आगे लिखा कि हिंदू-हिंदू करते-करते अब यह ढोंगी बाबा हिंदुओं के आराध्य देवी-देवताओं की खिल्ली उड़ाने लगा है। उन्होंने सवाल उठाया कि हिंदू धर्म के ठेकेदारों की भावनाएं अब आहत क्यों नहीं हो रही हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वीडियो जारी कर अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण एक ही हैं और उनमें कोई अंतर नहीं है। उनका दोनों भगवानों में भेद करने का कोई इरादा नहीं था। शास्त्री ने कहा कि कई लोगों ने उनकी बात का गलत अर्थ निकाला है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी बात या व्याख्या से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे माफी मांगते हैं। साथ ही लोगों से अपील की कि उनकी बात को गलत अर्थ में लेकर बढ़ा-चढ़ाकर पेश न किया जाए।
मथुरा के साधु-संतों ने जताई नाराजगी
धीरेंद्र शास्त्री के बयान का वीडियो सामने आने के बाद मथुरा के साधु-संतों ने नाराजगी जताई। संतों ने उनकी टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की। इसके बाद मामला और तूल पकड़ने लगा।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि श्रीकृष्ण की मुद्रा तीन जगह से टेढ़ी होती है, जबकि भगवान श्रीराम सीधे खड़े होते हैं। इसके अलावा उन्होंने अयोध्या और वृंदावन की तुलना करते हुए भी टिप्पणी की थी। उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया।
पहले भी आमने-सामने आ चुके हैं भूपेश और धीरेंद्र शास्त्री
बता दें कि भूपेश बघेल इससे पहले भी धीरेंद्र शास्त्री पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगा चुके हैं। वर्ष 2025 में इस मुद्दे पर दोनों के बीच जुबानी जंग देखने को मिली थी। भूपेश बघेल के आरोपों पर धीरेंद्र शास्त्री ने मंच से कहा था कि अगर हिंदू समाज को जोड़ना अंधविश्वास है, तो ऐसे लोग देश छोड़ दें। इसके जवाब में भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा था कि जब धीरेंद्र शास्त्री पैदा भी नहीं हुए थे, तब से वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे हैं। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को बीजेपी का एजेंट तक बता दिया था।
फिलहाल भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद जारी है। हालांकि धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए माफी मांग ली है और दोनों भगवानों को एक ही बताया है।
कोई तो ‘केमिकल लोचा’ है।
इनकी रेबीज़ वगैरह की जांच करवाना ठीक होगा।
प्रभु श्री राम और श्री कृष्ण में फ़र्क! अयोध्या और वृंदावन में फ़र्क!
हिंदू-हिंदू करते करते अब यह ढोंगी बाबा हिंदुओं के आराध्य देवी देवताओं की खिल्ली उड़ाने लगा।
कहां हो हिंदू धर्म के कायर ठेकेदारों??? भावनाएं आहत नहीं हो रही हैं???
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) November 2, 2026
