आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आम्बुआ थाना क्षेत्र के छोटा इटारा स्थित दुडवा फलिया में दो अलग-अलग खेतों पर दबिश देकर पुलिस ने गांजे के 2040 पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 2079 किलोग्राम यानी 2.07 टन से अधिक बताया गया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
चार थानों की पुलिस टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से छोटा इटारा के दुडवा फलिया में गांजे की अवैध खेती किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए आम्बुआ, उदयगढ़, आजाद नगर (भाभरा) और जोबट थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से दबिश दी। पुलिस ने मौके पर दो अलग-अलग खेतों में उगाए गए गांजे के पौधे बरामद कर जब्त किए।
दो खेतों से 2040 पौधे बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों खेतों से कुल 2040 गांजे के पौधे जब्त किए गए। इनका कुल वजन 2079 किलोग्राम दर्ज किया गया है। पुलिस ने जब्त पौधों की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई है। इस कार्रवाई को जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
दो आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट में केस दर्ज
प्रारंभिक जांच में मुकाम चौहान और जगन के नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। मामले में अपराध क्रमांक 299/26 और 300/26 दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब अवैध खेती से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गांजे की सप्लाई कहां होनी थी, पुलिस कर रही जांच
जोबट के एसडीओपी आशुतोष पटेल के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की अवैध खेती के पीछे कोई अन्य व्यक्ति या समूह शामिल था या नहीं। साथ ही जब्त पौधों की संभावित सप्लाई और पूरे नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
