चेन्नई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से लोगों का रोजाना का सफर आसान होगा, उद्योग और व्यापार को मजबूती मिलेगी तथा पूरे तमिलनाडु में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्यों का विकास ही देश के विकास का आधार है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है, जबकि नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का लाभ आम लोगों से लेकर उद्योग और व्यापार जगत तक पहुंचेगा। बेहतर परिवहन सुविधाओं से लोगों का जीवन आसान होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
कई मुख्यमंत्रियों के साथ काम करने का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के विभिन्न मुख्यमंत्रियों के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्हें करुणानिधि और जयललिता के साथ संवाद करने के कई अवसर मिले। प्रधानमंत्री बनने के बाद जयललिता, ओ. पन्नीरसेल्वम, ई. पलानीस्वामी और एम.के. स्टालिन के साथ काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि सरकारें बदलती रहीं, लेकिन तमिलनाडु के विकास और यहां की जनता की सेवा करने का उनका संकल्प हमेशा कायम रहा है। अब मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के साथ इस यात्रा को आगे बढ़ाया जा रहा है।
25 साल के सार्वजनिक जीवन और सहकारी संघवाद पर दिया जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने देशवासियों के आशीर्वाद और प्रेम से सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे किए हैं। अक्टूबर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि इस 25 साल के सफर में लोकतंत्र की दो प्रमुख शक्तियों- देश की जनता और सहकारी संघवाद में उनका विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। उनका हमेशा यही मानना रहा है कि राज्यों का विकास ही देश के विकास का आधार है।
शहरी विकास और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में शहरी विकास केंद्र सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शहरीकरण को चुनौती के बजाय अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए और इसमें सार्वजनिक परिवहन की महत्वपूर्ण भूमिका है। बेहतर परिवहन व्यवस्था से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान होती है।
चेन्नई मेट्रो के विस्तार का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश का मेट्रो नेटवर्क लगभग 250 किलोमीटर था, जो अब बढ़कर 1,100 किलोमीटर से अधिक हो गया है। चेन्नई मेट्रो की नई लाइन के उद्घाटन से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होगा।
बंदरगाहों की दक्षता बढ़ने से व्यापार को लाभ
प्रधानमंत्री ने भारतीय बंदरगाहों की कार्यक्षमता में हुए सुधारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बंदरगाहों की गति और दक्षता बेहतर हुई है। जहाजों के टर्नअराउंड टाइम यानी बंदरगाह पर आने से लेकर रवाना होने तक लगने वाला समय आधा होने से निर्यात और व्यापार को लाभ मिला है। इससे भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिल रही है।
विकसित तमिलनाडु से विकसित भारत का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ऐसा तमिलनाडु बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो लगातार विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य के विकास के लिए केंद्र से जिस भी सहायता की जरूरत होगी, सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ साथ खड़ी रहेगी। प्रधानमंत्री ने विकसित तमिलनाडु के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
