Uttarakhand Helicopter Crash: चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम से देहरादून के पास स्थित सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर VT-HCX हादसे का शिकार हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि घटना के समय उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी के चलते मौसम खराब बना हुआ था।
UCADA के अनुसार, हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसी दौरान ट्रैकिंग सिस्टम ने भी उसकी लोकेशन दिखाना बंद कर दिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की तलाश शुरू की गई।
पायलट समेत 6 लोग थे सवार, सभी की पहचान हुई
हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। इनमें पायलट कैप्टन हिमांशु और पांच यात्रियों की पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एच.एस. नटराज के रूप में हुई है। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानें रोक दी गई हैं।
राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं।
सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह स्वयं पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना की है।
