अमरावती: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को YSR कांग्रेस पार्टी के नेता वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जगन की तुलना महाभारत के पौराणिक पात्र ‘कंस’ से करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी ही भांजी अंजलि रेड्डी की शादी के लिए येलाहंका पैलेस के इस्तेमाल की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया कि संपत्ति विवाद को लेकर जगन ने अपनी मां और बहन वाई.एस. शर्मिला के साथ अनुचित व्यवहार किया। उन्होंने जगन पर नैतिक और पारिवारिक मूल्यों की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि संपत्ति विवाद के चलते परिवार के सदस्यों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।
भांजी की शादी को लेकर जगन पर साधा निशाना
नायडू ने खबरों का हवाला देते हुए कहा कि जगन ने अपनी छोटी बहन शर्मिला की बेटी अंजलि रेड्डी की शादी 25 नवंबर को बेंगलुरु के येलाहंका स्थित पारिवारिक बंगले में आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस संपत्ति के इस्तेमाल को लेकर विवाद है, उसमें शर्मिला का भी हिस्सा है।
‘अपनी ही भांजी की शादी में रुकावट डाल रहे’
नायडू ने कहा कि जगन में न तो नैतिक मूल्य हैं, न पारिवारिक मूल्य और न ही राजनीतिक मूल्य। उन्होंने आरोप लगाया कि जगन अपनी ही भांजी की शादी में रुकावट डालकर महाभारत के कंस जैसा व्यवहार कर रहे हैं।
जगन की मानसिकता को बताया खतरनाक
मुख्यमंत्री नायडू ने जगन की मानसिकता को खतरनाक और उनके रवैये को विनाशकारी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि YSRCP अपने राजनीतिक एजेंडे को पूरा करने के लिए राज्य को नुकसान पहुंचाने से भी पीछे नहीं हटेगी। नायडू ने यह भी दावा किया कि लोगों को डराने-धमकाने के लिए पंजाब से भाड़े के लोगों को बुलाया गया था।
नायडू के बयान से आंध्र की सियासत में बढ़ी हलचल
जगन मोहन रेड्डी पर चंद्रबाबू नायडू के इस बयान के बाद आंध्र प्रदेश की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। नायडू इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने एक बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने कभी पीएम मोदी को थका हुआ नहीं देखा।
