CG Dhamtari News: धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में महानदी पर अछोटा के पास नया फोरलेन पुल बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए 92 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। करीब 35 साल पुराने जर्जर पुल की जगह नया पुल बनने से छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। लंबे समय से पुराने पुल की जगह नया पुल बनाने की मांग की जा रही थी।
महानदी पर बना मौजूदा पुल करीब 35 साल पुराना है। पुल की स्थिति जर्जर होने के कारण इस पर आवागमन को लेकर चिंता बनी हुई है। सिंगल पुल होने से यातायात का दबाव बढ़ने पर दुर्घटना का खतरा भी रहता है। इसी को देखते हुए यहां नए फोरलेन पुल के निर्माण की मांग उठाई जा रही थी।
महापौर रामू रोहरा ने उठाया था मुद्दा
महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर अछोटा के पास नया पुल बनाने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने पुराने पुल की जर्जर स्थिति का हवाला देते हुए नए पुल की आवश्यकता बताई थी। अब पुल निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने से इस परियोजना का रास्ता साफ हुआ है।
महापौर ने जताया आभार
पुल निर्माण के लिए स्वीकृति मिलने पर महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी और मंत्री ओपी चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नए पुल के निर्माण से शहर और गांवों के बीच यातायात सुगम होगा।
भोयना से जवरगांव मोड़ तक सड़क के लिए 121 करोड़ मंजूर
धमतरी में भोयना से जवरगांव मोड़ तक सड़क निर्माण के लिए भी 121 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। इसके बाद महापौर का अगला प्रयास नगरी तक फोरलेन सड़क बनवाने का है।
टेंडर प्रक्रिया के बाद शुरू होगा निर्माण
अछोटा के पास महानदी पर बनने वाले नए फोरलेन पुल का निर्माण टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू होगा। इसके लिए करीब तीन महीने लगने की संभावना जताई गई है। नए पुल से यातायात का दबाव कम करने और छत्तीसगढ़-ओडिशा के बीच आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
