CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, बिलासपुर सबसे गर्म जिला, 5 दिन तक हीट वेव का अलर्ट

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रायपुर केंद्र के अनुसार अगले 5 दिनों तक प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
बिलासपुर में सबसे ज्यादा तापमान
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार 20 मई को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मुंगेली में 43.9°C, सक्ती में 43.8°C, बालोद और कबीरधाम में 43.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर तेज रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है।
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
अगले 5 दिनों तक राहत नहीं
IMD ने साफ किया है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हीट वेव चलने की आशंका जताई है।
रायपुर के लिए जारी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 21 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। शहर में अधिकतम तापमान 44°C और न्यूनतम तापमान 30°C के आसपास रहने की संभावना है।
बेहद कम रही बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश जरूर दर्ज की गई, लेकिन ज्यादातर इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। बारिश नहीं होने से गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढंककर रखने की अपील की गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।




