छत्तीसगढ़देशप्रमुख समाचार

Bilaspur News: पति की करंट से मौत का सदमा नहीं सह पाई पत्नी, फांसी लगाकर दी जान

Bilaspur News: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पति की करंट लगने से हुई मौत के सदमे में पत्नी ने आत्महत्या कर ली। महिला का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है।

करंट लगने से हुई थी पति की मौत

जानकारी के मुताबिक, पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट की शादी चार साल पहले सुनीता बाई केंवट से हुई थी। बीते 17 मई को रामनारायण घर में टुल्लू पंप चालू कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

पति की मौत के बाद गहरे सदमे में थी पत्नी

परिजनों के अनुसार, पति की मौत के बाद से सुनीता गहरे सदमे में थी। वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी। परिवार के लोग उसे संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी।

साड़ी का फंदा बनाकर की आत्महत्या

मंगलवार देर रात सुनीता ने घर के कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उसे नीचे उतारकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना पर पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button