इंदौर में 200 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया होमगार्ड, ACP के आदेश पर हुई सख्त कार्रवाई

MP Indore Latest News: इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के राजेंद्र नगर थाने में पदस्थ होमगार्ड सैनिक ने किराएदार का सत्यापन करने के लिए 200 रुपए की रिश्वत ली। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो सामने आने के बाद एसीपी निधि सक्सेना ने सैनिक को थाने से हटा दिया है।
होमगार्ड सैनिक संजय भदौरिया किराएदार का सत्यापन करने गए थे। उन्होंने कागजों में कमी बताकर मकान मालिक से 200 रुपए मांगे। मकान मालिक ने पैसे दिए, तो संजय ने लेकर रख लिए। इसका वीडियो बन गया और बाद में वायरल हो गया। शाम को यह वीडियो एसीपी तक पहुंच गया। उन्होंने सैनिक को तुरंत थाने से हटा दिया।
तीन माह पहले पिंगले को हटाया था
इसी थाने से तीन माह पहले होमगार्ड सैनिक नितिन पिंगले को हटाया गया था। तब मामला दूसरा था। नितिन ने शराब के नशे में सड़क पर हंगामा किया था। लोगों ने उसकी वर्दी भी खीची थी। इस घटना का भी वीडियो सोशल मीडिया पर आ गया था।
टीआई और एसआई पर हुई कारवाई
राजेंद्र नगर थाने में हाल ही में अभिषेक पाटिल नाम के युवक की मौत के बाद एसआई मनोहर पाल ओर टीआई नीरज बिरथरे पर कार्यवाही हुई है। दोनों को थाने से हटा दिया गया। गुरुवार रात अफसरों ने यंशवत बडोले को राजेंद्र नगर थाने की कमान सौंपी है। उन्हें कुछ दिन पहले सदर बाजार थाने से हटाकर क्राइम ब्रांच भेजा गया था। यशंवत बडोले जोन 1 के अफसरों के खास माने जाते हैं।




