छत्तीसगढ़देशप्रमुख समाचार

मुंगेली में चला प्रशासन का बुलडोजर: दाऊपारा से कलेक्टर निवास तक हटाया गया अतिक्रमण

Administration’s Bulldozer Rolls in Mungeli: मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़कों किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। दाऊपारा से लेकर कलेक्टर निवास और नगर पालिका सीमा तक संयुक्त अभियान चलाकर सड़क किनारे बने अवैध कब्जों को हटाया गया। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने की तैयारी है।

पहले दी गई थी अतिक्रमण हटाने की चेतावनी

मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज ने बताया कि राजस्व एवं नजूल विभाग द्वारा सीमांकन कर अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया था। कार्रवाई से पहले नगर पालिका और राजस्व विभाग की ओर से मुनादी कराकर दुकानदारों और व्यापारियों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी।

कई व्यापारियों ने खुद हटाए शेड और कब्जे

प्रशासन की समझाइश का असर भी देखने को मिला। कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने टीन शेड, काउंटर और सड़क-नाली पर किए गए अतिरिक्त कब्जे हटा लिए। इसके बाद बचे हुए अतिक्रमणों को प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हटाया।

सड़क किनारे हटाए गए टीन शेड और चबूतरे

अभियान के दौरान सड़क किनारे बने अवैध टीन शेड, चबूतरे और मलबे को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित किया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग, नजूल विभाग और पुलिस विभाग की टीम सुबह से सक्रिय रही।

आधुनिक फुटपाथ निर्माण की तैयारी

नगर पालिका के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य सिर्फ सड़क चौड़ीकरण नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर के सौंदर्यीकरण को सुनिश्चित करना भी है। दाऊपारा से कलेक्टर निवास तक मुख्य सड़क के दोनों ओर आधुनिक और सुव्यवस्थित फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा।

राहगीरों को मिलेगा सुरक्षित मार्ग

फुटपाथ बनने के बाद महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और सुबह-शाम टहलने वाले लोगों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारू हो सकेगी।

दोबारा कब्जा नहीं करने की दी हिदायत

प्रशासन ने व्यापारियों और नागरिकों को सख्त हिदायत दी है कि नालियों और फुटपाथों पर दोबारा अतिक्रमण न करें। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कुनाल पाण्डेय सहित राजस्व, नगर पालिका और पुलिस विभाग के कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button