छत्तीसगढ़देशप्रमुख समाचार

जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा: बाइक-कार की टक्कर में युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

Road Accident in Janjgir-Champa: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अकलतरा-खटोला मार्ग पर सोमवार को बाइक और कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मोबाइल खरीदने निकले थे चार युवक

जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटगढ़ निवासी चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अकलतरा की ओर मोबाइल खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान अकलतरा-खटोला मार्ग पर सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।

भूपेंद्र धीवर की मौके पर मौत

हादसे में 25 वर्षीय भूपेंद्र धीवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बुधराम धीवर, डेमन धीवर और भोलू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अकलतरा अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बिलासपुर सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

इलाके में पसरा मातम

हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि दोनों वाहनों की गति और लापरवाही के पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button