CG News : बलौदाबाजार में ट्रांसपोर्ट कंपनी के दफ्तर में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

CG News : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में मंगलवार देर रात एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। लवन बायपास रोड स्थित मनीषा ट्रांसपोर्ट के दफ्तर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से टायर-ट्यूब, ट्रक पार्ट्स समेत लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे ट्रांसपोर्ट कंपनी में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही नगर सेना बल बलौदाबाजार की टीम मौके पर पहुंची। दो फायर टेंडर की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग इतनी भयावह थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को करीब 4 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर नियंत्रण पाया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के सही कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
इस हादसे में ट्रांसपोर्ट कंपनी को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।




