प्रमुख समाचारमध्‍यप्रदेश

MP में गेहूं खरीदी पर ₹40 प्रति क्विंटल बोनस, उड़द पर ₹600 प्रोत्साहन: CM मोहन यादव की घोषणा; पंजीयन की तारीख 10 मार्च तक बढ़ी

MP Latest News: भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद राज्य सरकार ने गेहूं खरीदी पर ₹40 प्रति क्विंटल बोनस और उड़द पर ₹600 प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया है।

MP Latest News: भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के हित में गेहूं और उड़द खरीदी को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद राज्य सरकार ने गेहूं खरीदी पर ₹40 प्रति क्विंटल बोनस और उड़द पर ₹600 प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गेहूं खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक किसान पंजीयन कराकर सरकारी खरीदी का लाभ ले सकें।

सरकार के अनुसार इस वर्ष प्रदेश में गेहूं खरीदी पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के अलावा ₹40 प्रति क्विंटल बोनस दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और उन्हें फसल का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।

इसके साथ ही उड़द की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने खरीदी पर ₹600 प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। सरकार का मानना है कि इससे किसान दलहनी फसलों की खेती की ओर अधिक आकर्षित होंगे और फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि किसानों की सुविधा के लिए सिंचाई हेतु दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इससे रात में सिंचाई के दौरान होने वाली परेशानियों और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम किया जा सकेगा।

सरकार ने विभिन्न फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य भी निर्धारित किए हैं। इनमें गेहूं ₹2585 प्रति क्विंटल, धान (सामान्य) ₹2369, सोयाबीन ₹5328, उड़द ₹7400, मूंग ₹8558, अरहर ₹8000, चना ₹5875, मसूर ₹7000 और सरसों ₹6200 प्रति क्विंटल शामिल हैं।

वहीं सरकार की इस घोषणा पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के किसान नेता केदार सिरोही ने कहा कि किसान लंबे समय से गेहूं का भाव ₹2700 प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं, जबकि सरकार ने केवल ₹40 बोनस की घोषणा की है, जो किसानों की अपेक्षा से कम है।

Related Articles

Back to top button