Weather Update Today: कई राज्यों में गर्मी दिखाने लगी तेवर, 36 डिग्री तक पहुंचा पारा, जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम
Weather Update Today: आइए आपको बताते हैं कि दिल्ली से लेकर तमिलनाडु तक देश के अलग-अलग इलाकों का तापमान कैसा रहने वाला है।

Weather Update Today: नई दिल्ली: फरवरी का महीना खत्म भी नहीं हुआ है और गर्मी ने अभी से अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान सहित उत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। यहां अभी से गर्मी पड़ने लगी है। राजस्थान के कुछ इलाकों में तो अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के भी पार पहुंच गया है। आइए आपको बताते हैं कि दिल्ली से लेकर तमिलनाडु तक देश के अलग-अलग इलाकों का तापमान कैसा रहने वाला है।
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम अब धीरे-धीरे करवट ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। आईएमडी के अनुसार 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहने का अनुमान है।
वहीं, 27 फरवरी को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 26 फरवरी को दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 27 फरवरी को हल्की धुंध (मिस्ट) रहने का पूर्वानुमान है। फिलहाल किसी भी दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में आज बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। लेकिन कई जिलों में तापमान चढ़ने वाला है। यूपी के जिन जिलों में गर्मी बढ़ने वाली है उनमें कानपुर, मेरठ, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, इटावा, मैनपुरी, मथुरा, अमेठी, आजमगढ़, अमरोहा, बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपुर शामिल हैं। लखनऊ में कल अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
बिहार में आज मौसम कैसा रहेगा
आईएमडी के मुताबिक बिहार में आज मौसम साफ रहेगा। बारिश की किसी तरह की संभावना नहीं है। वहीं अब बिहार में गर्मी का रौद्र रूप दिखने वाला है। जिन जिलों में गर्मी कहर बरपाएगी उनमें भागलपुर, मुंगेर, पूर्णिया, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, भोजपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, जमुई, जहानाबाद शामिल हैं। पटना में कल अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में मौसम में बदलाव के साथ दिन का तापमान बढ़ने लगा है और बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा। राज्य के कई शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है जिनमें अजमेर, अलवर, जयपुर, पिलानी, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर और चुरू शामिल है।
तमिलनाडु में आज कैसा रहेगा मौसम
चेन्नई और आसपास के कई जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा बना रहेगा, जबकि तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में 1 मार्च तक बारिश का पूर्वानुमान है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन उसके अवशेष प्रभाव और समुद्र से आ रही नमी के कारण मौसम में अस्थिरता बनी हुई है। इसके चलते दक्षिणी तमिलनाडु और उत्तरी जिलों के कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। इसी तरह पुडुचेरी और उसके कराईकल क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम में बदलाव की एक बड़ी वजह समुद्री हवाओं की दिशा में परिवर्तन और नमी का बढ़ना है।
इसके साथ ही तिरुवल्लुर, कांचीपुरम, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरि, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, और रानीपेट जिलों में भी सुबह हल्का कोहरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि बारिश और कोहरे के साथ-साथ दिन के तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। 28 फरवरी तक तमिलनाडु और पुडुचेरी में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है।
सिक्किम में बर्फबारी, फंसे 2700 पर्यटकों को बचाया
पूर्वी सिक्किम में त्सोमगो झील के पास भारी बर्फबारी के कारण फंसे 2,700 से अधिक पर्यटकों को बचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि शेराथांग और उसके आसपास के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जिससे 15वें मील और त्सोमगो झील के बीच पर्यटकों के 541 वाहन फंस गए थे। उन्होंने बताया कि समन्वित प्रयासों के जरिए 2,736 पर्यटकों को लेकर जा रहे सभी वाहनों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से निकाला गया। पर्यटन विभाग ने पर्यटकों और टूर संचालकों को सलाह दी है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों का सख्ती से पालन करें तथा बर्फबारी की स्थिति में यात्रा करते समय अनिवार्य रूप से ‘स्नो चेन’ का इस्तेमाल करने समेत वाहनों में सभी आवश्यक संसाधन रखें।




